Chandauli News: हाईवे पर युवक का खतरनाक वीडियो वायरल,देखिए कैसे कर रहा आत्मघाती स्टंटबाजी

Chandauli News: चंदौली NH-19 पर युवक का खतरनाक बाइक स्टंट वीडियो वायरल, लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

Ashvini Mishra
Published on: 25 Jun 2026 10:16 PM IST
Chandauli News: हाईवे पर युवक का खतरनाक वीडियो वायरल,देखिए कैसे कर रहा आत्मघाती स्टंटबाजी
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर बाइक स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक चलती बाइक पर खतरनाक और जानलेवा करतब करता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो कोतवाली सदर क्षेत्र अंतर्गत बड़े साहब ढाबा के पास का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है और जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की जा रही है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए विभिन्न प्रकार के स्टंट कर रहा है। स्टंट के दौरान वह अपनी जान जोखिम में डालने के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, ऐसे में इस तरह की लापरवाही किसी भी समय बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आए दिन कुछ युवक सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और रील बनाने के लिए खतरनाक स्टंट करते नजर आते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

सार्वजनिक सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्टंट करना पूरी तरह गैरकानूनी और खतरनाक है। इससे न केवल स्टंट करने वाले व्यक्ति की जान खतरे में पड़ती है बल्कि अन्य वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत इस प्रकार की लापरवाही पर जुर्माना, लाइसेंस निलंबन तथा अन्य कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story