TRENDING TAGS :
Chandauli News: बकरीद से पहले चंदौली पुलिस अलर्ट, एसपी ने भारी बल के साथ सड़कों पर किया पैदल गश्त
Chandauli News: बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए चंदौली पुलिस अलर्ट मोड में है। एसपी आकाश पटेल ने भारी पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
Chandauli News
Chandauli News: आगामी बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए चंदौली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। इसी सिलसिले में आज, 27 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल खुद भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और आम जनता में सुरक्षा का अहसास कराने के लिए जिले के कई संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त किया। एसपी के इस कदम का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान जिले में कानून- व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखना है।
इन संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में हुआ फ्लैग मार्च
पुलिस कप्तान आकाश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना मुगलसराय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कस्बा मुगलसराय, काली महाल और कसाव महाल जैसे कई प्रमुख बाजारों और घनी आबादी वाले मिश्रित क्षेत्रों का सघन दौरा किया। इसके साथ ही, एसपी के कड़े निर्देशों पर जिले के सभी थाना प्रभारियों और थाना अध्यक्षों ने भी अपने- अपने क्षेत्रों के संवेदनशील चौराहों, मुख्य मार्गों और स्थानीय बाजारों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
आम जनता और धर्मगुरुओं से संवाद, भाईचारे की अपील
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने केवल सुरक्षा व्यवस्था को ही नहीं देखा, बल्कि उन्होंने रास्ते में स्थानीय व्यापारियों, आम नागरिकों और विभिन्न धर्मगुरुओं से सीधा संवाद भी स्थापित किया। एसपी ने सभी से बातचीत करते हुए बकरीद के इस पावन पर्व को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मिलकर मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशी मिल-जुलकर रहने में ही है।
डयूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मिले सख्त निर्देश
दौरे के दौरान एसपी आकाश पटेल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वाले या शांति व्यवस्था को भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।इस महत्वपूर्ण पैदल गश्त के दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय के थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।


