Chandauli: चंदौली में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 1198 वाहनों के चालान; 20.16 लाख रुपये का जुर्माना

Chandauli News: चंदौली में नवरात्रि, दुर्गापूजा और आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

Ashvini Mishra
Published on: 19 Oct 2026 3:53 PM IST
Chandauli: चंदौली में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 1198 वाहनों के चालान; 20.16 लाख रुपये का जुर्माना
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद में नवरात्रि, दुर्गापूजा एवं आगामी त्योहारी पर्वों को देखते हुए चंदौली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की संयुक्त टीमों ने 17 और 18 अक्टूबर को विभिन्न चौराहों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1198 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने इन वाहनों पर कुल 20 लाख 16 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान उच्चाधिकारियों के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा चलाया गया। त्योहारों के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए विशेष अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने वालों, शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, दोषपूर्ण अथवा फाल्टी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक त्योहारों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आगे भी चेकिंग अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं।चंदौली पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story