TRENDING TAGS :
Chandauli News: पल्स पोलियो अभियान का आगाज: जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
Chandauli News: चंदौली में 28 जून 2026 से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।
Chandauli News
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 28 जून, 2026 (रविवार) से पूरे जिले में शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए पल्स पोलियो अभियान शुरू होने जा रहा है। इस महाअभियान के तहत चंदौली में 3 लाख से अधिक बच्चों को 'दो बूंद जिंदगी की' पिलाने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है। अभियान की सफलता और जन-जागरूकता के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सदर ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से एक विशाल जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रैली और जिलाधिकारी के निर्देश
पल्स पोलियो अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यथार्थ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं ने एक भव्य रैली निकाली। यह रैली पीएचसी चंदौली से शुरू होकर कचहरी होते हुए वापस समाप्त हुई। इस मौके पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिले का एक भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से ईंट-भट्ठों, मलिन बस्तियों और दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों पर फोकस करने की बात कही।
3 लाख से ज्यादा बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने बताया कि इस बार जिले में कुल 3,07,618 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। अभियान के पहले दिन यानी 'पोलियो रविवार' को पूरे जिले में 976 पोलियो बूथ सक्रिय रहेंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों के लिए 38 ट्रांजिट टीमें और दूरदराज के क्षेत्रों के लिए 18 मोबाइल टीमें मुस्तैद की गई हैं।
छूटे बच्चों के लिए घर-घर जाएगी टीम
रविवार को बूथ दिवस के बाद, सोमवार से शुक्रवार तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 616 टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को तलाशेंगी जो किसी कारणवश रविवार को बूथ पर नहीं आ पाए थे। डॉ. मिश्रा ने बताया कि नियामताबाद ब्लॉक के दुलहीपुर, रेमा और नई बस्ती जैसे इलाकों में, जहाँ दवा पिलाने को लेकर परिवारों में हिचकिचाहट रहती है, वहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों के सहयोग से बच्चों को कवर किया जाएगा।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अमित दूबे ने बताया कि अभियान में आधुनिक 'बायोवैलेंट वैक्सीन' का इस्तेमाल हो रहा है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पहले ही ट्रेनिंग दी जा चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी। पूरे अभियान की निगरानी के लिए डब्ल्यूएचओ (WHO) और यूनिसेफ की टीमें भी क्षेत्र का लगातार दौरा करेंगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे।


