Chandauli News: लालच पड़ा महंगा: 14 हजार के चक्कर में कानून के शिकंजे में आया पंचर वाला

Chandauli News: 14 हजार रुपये के लालच में पंचर वाला कानूनी शिकंजे में फंस गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

Sunil Kumar
Published on: 23 Aug 2026 7:26 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली की चकिया थाना पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को दबोच लिया है, जिससे चोरों और उनके मददगारों में हड़कंप मच गया है।

महज 24 घंटे में खुलासा

पुलिस को चकिया क्षेत्र में ट्रक के टायर चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मुकदमों की छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया और महज 24 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण कर दिखाया।

पेट्रोल पंप के पास से दबोचा गया आरोपी

मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे चौरहट पड़ाव स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास से आरोपी विवेक पटेल को धर दबोचा। गिरफ्तार किया गया अभियुक्त विवेक पटेल पुत्र परषोत्तम, मूल रूप से चौरहट पड़ाव, थाना मुगलसराय का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के कुल 05 अदद भारी-भरकम ट्रक टायर बरामद किए हैं।

सस्ती डील के लालच में सलाखों के पीछे

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी विवेक ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि चौरहट पड़ाव में उसकी खुद की टायर पंचर की दुकान है। शहनवाज नाम का एक व्यक्ति खुद को ट्रक ड्राइवर बताकर पहले भी दो-तीन बार उसकी दुकान पर चोरी के टायर बेच चुका था। 20 अगस्त की सुबह वही शहनवाज एक पिकअप पर लादकर 5 ट्रक टायर उसकी दुकान पर लेकर आया था। विवेक ने मामूली और सस्ते मुनाफे के लालच में महज चौदह हजार रुपये में उन चोरी के टायरों को खरीद लिया, जो उसे सीधे जेल की सलाखों के पीछे ले आया।

पुलिस टीम का सराहनीय कार्य

इस त्वरित और प्रभावी खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल सुभाषचंद्र और रिजर्व कांस्टेबल आदर्श सिंह शामिल रहे। पुलिस अब इस गैंग के मुख्य सरगना शहनवाज की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story