TRENDING TAGS :
Chandauli News: सरकारी राशन की दुकान के आवंटन में धांधली को लेकर हंगामा,ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Chandauli News: चंदौली के जेवरियाबाद गांव में सरकारी राशन दुकान आवंटन को लेकर ग्रामीणों ने धांधली का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जांच का आश्वासन दिया।
Chandauli News
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के जेवरियाबाद गांव में सरकारी राशन की दुकान के आवंटन को लेकर शुक्रवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब खुली बैठक के दौरान एक पक्ष ने चयन प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगा दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव में उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के चयन के लिए खुली बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान एक पक्ष ने आवंटन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अनियमितता और पक्षपात का आरोप लगाया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और जमकर कहासुनी होने लगी।विवाद बढ़ने पर नाराज ग्रामीणों ने विरोध स्वरूप सैयदराजा-जमानिया मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई वाहन जाम में फंसे रहे।
घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी को भी मौके पर तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर क्षेत्राधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी।फिलहाल पुलिस की निगरानी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। गांव में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


