Chandauli Road Accident: कब और कैसे आ जाए मौत, चंदौली की यह घटना कर देगी हैरान

Chandauli Road Accident: चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा, कार के दरवाजे से टकराकर गिरे एंबुलेंस चालक को बोलेरो ने कुचला, मौके पर मौत।

Ashvini Mishra
Published on: 4 Jun 2026 2:01 PM IST
Chandauli Road Accident: कब और कैसे आ जाए मौत, चंदौली की यह घटना कर देगी हैरान
X

Chandauli Road Accident


Chandauli News:चंदौली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बड़े साहब के ढाबा के पास सर्विस रोड पर हुई, जहां तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से निजी अस्पताल में कार्यरत एंबुलेंस चालक की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार मृतक के जी नंदा हॉस्पिटल में एंबुलेंस चालक के रूप में कार्य करता था। ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह बाइक से अपने घर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह नेशनल हाईवे-19 से सर्विस लेन की ओर मुड़ा ही था कि बड़े साहब के ढाबा के समीप खड़ी एक कार का दरवाजा अचानक खुल गया। दरवाजे से टकराने के कारण बाइक चालक संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया।

इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो उसे रौंदते हुए निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हादसे में शामिल बोलेरो वाहन की पहचान के लिए बड़े साहब ढाबा के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन को चिन्हित कर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे और सर्विस रोड पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story