Chandauli News : चंदौली सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस

Chandauli News : चंदौली में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम।

Ashvini Mishra
Published on: 21 May 2026 8:49 AM IST
Chandauli News :  चंदौली सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस
X

Chandauli News 

Chandauli News : चंदौली मुख्यालय स्थित यूनियन बैंक के समीप बुधवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार दुर्गावती थाना क्षेत्र के धनेच्छा गांव निवासी रमेश गुप्ता (40 वर्ष) अपने 10 वर्षीय पुत्र शिवांश गुप्ता के साथ बाइक से वाराणसी स्थित कोनिया स्थित अपने मकान पर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे चंदौली मुख्यालय स्थित यूनियन बैंक के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान पिता-पुत्र की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन की 🎉तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story