Chandauli News : चंदौली में बिजली संकट गहराया, कटौती से परेशान ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश

Chandauli News : चंदौली के ग्रामीण इलाकों में भीषण बिजली कटौती से लोग परेशान, रातों की नींद हराम, बढ़ रहा ग्रामीणों का आक्रोश।

Ashvini Mishra
Published on: 21 May 2026 8:23 AM IST
Chandauli News : चंदौली में बिजली संकट गहराया, कटौती से परेशान ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
X

Power Crisis Deepens in Chandauli 

Chandauli News : चंदौली जनपद के सकलडीहा फीडर अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों बिजली की भारी कटौती से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी के बीच अनियमित विद्युत आपूर्ति ने ग्रामीणों की नींद हराम कर दी है। दिन हो या रात, लगातार हो रही बिजली की आवाजाही से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासकर रात के समय बिजली कटौती के कारण लोग उमस और मच्छरों के प्रकोप से परेशान हैं। कई गांवों में घंटों बिजली गायब रहने से लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा शहरों में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 20 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के दावे केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्र के लोगों के अनुसार शाम होते ही बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, किसानों के कार्य और घरेलू कामकाज सभी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, लगातार हो रही कटौती से पेयजल संकट भी गहराने लगा है, क्योंकि अधिकांश गांवों में पानी की आपूर्ति बिजली पर निर्भर है।

ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। भीषण गर्मी में रातभर जागकर समय बिताने को लोग मजबूर हैं। यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का आक्रोश फूट सकता है।

इस संबंध में सकलडीहा के अधिशासी अभियंता ने बताया कि ऊपर से ही बिजली की कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस समय बिजली की मांग काफी बढ़ गई है, जिसके कारण लोड अधिक होने से सप्लाई प्रभावित हो रही है। विभाग द्वारा स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नियमित और पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होगी, तब तक लोगों की परेशानी कम नहीं होने वाली है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story