TRENDING TAGS :
Chandauli News : पहली ही बारिश में ध्वस्त हुई नई सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
Chandauli News: चंदौली के सैयदराजा में पहली ही बारिश में नई सड़क उखड़ गई। स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण का आरोप लगाकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
Chandauli News: चंदौली जिले की सैयदराजा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-8 में हाल ही में निर्मित सड़क पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई। महज 20 से 25 मिनट की बारिश के बाद सड़क कई स्थानों से उखड़ गई, जबकि कई हिस्सों में लंबी-लंबी दरारें पड़ गईं। सड़क की यह स्थिति सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस सड़क का निर्माण करीब दो से तीन महीने पहले कराया गया था। लोगों का कहना है कि सड़क बनने के कुछ ही समय बाद पहली बारिश में उसका क्षतिग्रस्त हो जाना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान भी गुणवत्ता को लेकर कई बार सवाल उठाए गए थे। इस मामले में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शंकर प्रसाद जायसवाल ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता द्वारा सड़क की गुणवत्ता की जांच भी कराई गई थी। अब पहली ही बारिश में सड़क टूटने के बाद लोगों का कहना है कि उनकी आशंकाएं सही साबित हुई हैं।
मामले पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि सड़क की गुणवत्ता की जांच संबंधित विभाग के जूनियर इंजीनियर से कराई जाएगी। यदि जांच में निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित निर्माण फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के साथ ही उस पर जुर्माना लगाया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जनता को गुणवत्तापूर्ण सड़क उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक होने पर सड़क का दोबारा निर्माण कराया जाएगा। फिलहाल स्थानीय लोग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।


