Chandauli News: मूर्ति विसर्जन के दौरान शराब के नशे में युवकों ने की मारपीट, पुलिस ने खदेड़ा

Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शराब के नशे में युवकों के बीच मारपीट हुई। पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों को खदेड़ा और डीजे बंद कराकर विसर्जन शांतिपूर्वक संपन्न कराया।

Ashvini Mishra
Published on: 22 Oct 2026 10:02 AM IST
Chandauli News: मूर्ति विसर्जन के दौरान शराब के नशे में युवकों ने की मारपीट, पुलिस ने खदेड़ा
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा कस्बा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शराब के नशे में कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया। डीजे की धुन पर नाचने के दौरान नशे में धुत युवक आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद भारी भीड़ के बीच मारपीट शुरू होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और हंगामा कर रहे युवकों को मौके से खदेड़ दिया।

बताया जा रहा है कि सकलडीहा कस्बा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवक पहुंचे थे। विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की धुन पर लोग नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक शराब के नशे में थे, नशे की हालत में नाचने के दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

युवकों के आपस में भिड़ने से विसर्जन जुलूस में मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे नशेड़ियों को सख्ती दिखाते हुए मौके से हटाया। इसके बाद पुलिस ने डीजे को बंद कराया और जुलूस को नियंत्रित करते हुए प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया को शांतिपूर्वक पूरा कराया।विसर्जन के दौरान पुलिस की सख्ती के बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस की मौजूदगी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिमा का विसर्जन किया। किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं है।

इस संबंध में सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान कुछ युवक शराब के नशे में आपस में मारपीट करने लगे थे। कोई बड़ी घटना न हो और शांति व्यवस्था प्रभावित न हो, इसे देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नशे में हंगामा कर रहे युवकों को मौके से हटा दिया। डीजे भी बंद कराया गया और प्रतिमा का विसर्जन शांतिपूर्वक कराया गया।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story