TRENDING TAGS :
Chandauli News: लापता 16 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद, सकलडीहा पुलिस ने तुरंत परिजनों को सौंपा
Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लापता 16 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। किशोरी के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लापता 16 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी के अचानक लापता होने से परेशान परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाश शुरू की और कुछ ही समय में किशोरी को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरी के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।हनुमान बन कर पुलिस ने परिजनों की खुशी फैलाई।
जानकारी के अनुसार, थाना सकलडीहा क्षेत्र के ग्राम नागेपुर निवासी पप्पू पुत्र लाठीबाज ने 10 अक्तूबर की शाम थाने पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री दुर्गा मंदिर, सकलडीहा पोखरा के पास पूजा करने के लिए गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
मामले की जानकारी मिलते ही सकलडीहा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वर्तमान में चल रहे मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत थाना सकलडीहा की विशेष मिशन शक्ति टीम को सक्रिय किया गया। पुलिस टीम ने किशोरी के संभावित ठिकानों, परिचितों और उसके आने-जाने वाले स्थानों पर जानकारी जुटाते हुए सघन तलाश शुरू की।
पुलिस टीम की सक्रियता और लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप किशोरी को कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह परिजनों को बिना बताए अपनी सहेली के घर बर्थडे पार्टी में चली गई थी। इसी कारण वह समय पर घर नहीं पहुंच सकी। उसके घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। किशोरी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय या आपराधिक घटना नहीं हुई है।
किशोरी के सकुशल घर पहुंचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने चंदौली पुलिस और मिशन शक्ति टीम की त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशील रवैये की सराहना की। पुलिस की तत्परता से एक ओर जहां परिवार की चिंता दूर हुई, वहीं मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता भी सामने आई।


