चंदौली में एयर-शो के कारण स्कूल बंद: 22 और 24 अक्टूबर को ऑनलाइन चलेंगी कक्षाएं

Chandauli News: वाराणसी के नमो घाट पर एयर शो के चलते चंदौली के पीडीडीयू नगर और नियामताबाद में 22 व 24 अक्टूबर को कक्षा 8 तक की पढ़ाई ऑनलाइन होगी।

Sunil Kumar
Published on: 21 Oct 2026 10:36 PM IST
चंदौली में एयर-शो के कारण स्कूल बंद: 22 और 24 अक्टूबर को ऑनलाइन चलेंगी कक्षाएं
X

Chandauli Air Show 2026 Varanasi

Chandauli News: भारतीय वायुसेना द्वारा वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य "एयर शो-2026" के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अत्यधिक भीड़ और बच्चों के आवागमन में होने वाली संभावित कठिनाइयों को देखते हुए चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (पीडीडीयू नगर) और नियामताबाद क्षेत्र के विद्यालयों में भौतिक पठन-पाठन को स्थगित कर दिया गया है। अब इन तारीखों पर पढ़ाई पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम से होगी।

एयर-शो का विवरण और आयोजन स्थल

भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित यह आकर्षक "एयर शो-2026" दिनांक 22, 24 और 25 अक्टूबर, 2026 को पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक वाराणसी के नमो घाट पर संपन्न होगा। काशीवासियों के साथ-साथ चंदौलीवासियों और समस्त क्षेत्रवासियों के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है। इस एयर-शो को चंदौली के बहादुरपुर घाट, सत्ती घाट और कटेसर घाट आदि गंगा घाटों से सरलतापूर्वक देखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

बच्चों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के चलते बड़ा निर्णय

जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ और यातायात की भारी संभावना है। इस अवधि में अत्यधिक भीड़, यातायात व्यवस्था एवं जन-सुरक्षा के दृष्टिकोण से बच्चों का विद्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित होना संभव नहीं हो पाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी महोदय चंदौली के आदेश के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है।

ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन के निर्देश

प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक (समस्त परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों) के लिए दिनांक 22 एवं 24 अक्टूबर, 2026 को पठन-पाठन पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा।

प्रधानाध्यापक अपने विद्यालय के सभी शिक्षकों के माध्यम से व्हाट्सएप समूह, दीक्षा ऐप एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों से समय-सारणी के अनुसार पढ़ाई सुनिश्चित कराएंगे।सभी अध्यापक ऑनलाइन कक्षा हेतु पहले से ही पाठ्य-योजना, गृह कार्य एवं अध्ययन सामग्री अभिभावकों और बच्चों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।ऑनलाइन उपस्थिति का विवरण प्रधानाध्यापक द्वारा सुरक्षित रखा जाएगा तथा खंड शिक्षा अधिकारी को प्रतिदिन उपलब्ध कराया जाएगा।

कड़ाई से अनुपालन के निर्देश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story