Chandauli: चंदौली सदर थाना अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह की एक माह में बड़ी कार्रवाई, 43 शराब तस्कर गिरफ्तार

Chandauli News: एक महीने में शराब, गांजा व पशु तस्करी पर ताबड़तोड़ एक्शन; 2000 लीटर शराब और 19 किलो गांजा बरामद, अपराधियों में खौफ

Ashvini Mishra
Published on: 29 Nov 2026 2:34 PM IST
Chandauli: चंदौली सदर थाना अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह की एक माह में बड़ी कार्रवाई, 43 शराब तस्कर गिरफ्तार
X

Chandauli News: चंदौली के सदर थाना अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने महज एक महीने के कार्यकाल में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपनी कार्यशैली का दम दिखाया है। काउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से चर्चित थाना अध्यक्ष अपने कार्यकाल में चार फूल काउंटर ,तथा चार दर्जन से अधिक हाफ काउंटर करने में महारत हासिल की है।

कम समय में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जिस तरह से अभियान चलाया गया, उससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। शराब तस्करी, गांजा तस्करी, जुआ और पशु तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई को उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

आंकड़ों के अनुसार, लगभग एक महीने के कार्यकाल में थाना अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह की टीम ने 43 शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए करीब दो हजार लीटर अवैध शराब बरामद की। वहीं, जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात जुआरियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से नगदी भी बरामद की। इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 19 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। इस मामले में एक महिला और एक पुरुष तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।पशु तस्करी के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई काफी प्रभावी रही। सैयदराजा थाना क्षेत्र में पांच पशु तस्करों को घेरकर पकड़ने में पुलिस ने सफलता हासिल की।

वहीं, बसारिकपुर में लग्जरी वाहन से दो पशुओं को बरामद करते हुए एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया गया। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तस्करों और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में पुलिस का खौफ बढ़ा है।

गौरतलब है कि थाना अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह का पुलिसिंग का अनुभव भी काफी लंबा रहा है। जौनपुर जनपद में तैनाती के दौरान उन्होंने आठ थानों के साथ एसओजी टीम में भी अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान अपराधियों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयों में उनकी भूमिका रही। उनके पुराने कार्यकाल में करोड़ों रुपये की हीरोइन बरामदगी के साथ चार पुलिस मुठभेड़ों में बदमाशों को ढेर करने तथा चार दर्जन से अधिक हाफ एनकाउंटर की कार्रवाई का भी उल्लेख किया जाता रहा है।

फिलहाल चंदौली में कम समय के भीतर लगातार की गई कार्रवाई से थाना अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने अपनी कार्यशैली और पुलिसिंग के तेवर का परिचय दिया है। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में अपराध नियंत्रण और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए उनकी टीम किस तरह अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाती है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story