Chandauli News: श्रावणी मेले को लेकर महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे एएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Chandauli News:श्रावणी मेला को लेकर एएसपी ने महाकालेश्वर मंदिर बरठी का निरीक्षण किया, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दिए सख्त निर्देश

Ashvini Mishra
Published on: 30 July 2026 9:44 PM IST (Updated on: 30 July 2026 9:46 PM IST)
Chandauli News: श्रावणी मेले को लेकर महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे एएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
X

Chandauli News 

Chandauli News: चंदौली जनपद में आगामी सावन मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चन्द्रशेखर ने सकलडीहा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर, बरठी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहकर निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी अवलोकन किया।

उन्होंने मंदिर में प्रवेश एवं निकास मार्गों पर की गई बैरिकेडिंग का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित रहे। रात्रि के समय दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा पावर बैकअप सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी बनाए रखने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सावन मेला के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन-पूजन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story