TRENDING TAGS :
Chandauli: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, एसपी ने 14 निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों के बदले कार्यक्षेत्र
Chandauli News: चंदौली में एसपी आकाश पटेल ने 14 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया। छह थानों को नए प्रभारी निरीक्षक और कई थानों को नए थानाध्यक्ष मिले।
Chandauli News: चंदौली जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा पुलिस विभाग में रिक्त पदों को भरने के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने रविवार, को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसपी ने 14 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष बदल दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
छह थानों को मिले नए प्रभारी निरीक्षक
जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना सैयदराजा, विनोद राय को प्रभारी निरीक्षक थाना मुगलसराय, धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक थाना अलीनगर तथा रविन्द्र भूषण मौर्य को प्रभारी निरीक्षक थाना चकिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में राम सजन नागर को प्रभारी निरीक्षक थाना धानापुर और निरीक्षक विजय प्रताप सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना धीना बनाया गया है।
वहीं, धीना थाने के प्रभारी निरीक्षक रहे त्रिवेणी लाल सेन को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। जबकि बबुरी थाने के प्रभारी निरीक्षक किशोर कुमार चौबे को पुलिस कार्यालय में नई तैनाती दी गई है।
कई थानाध्यक्षों का भी बदला कार्यक्षेत्र
उपनिरीक्षक स्तर पर भी व्यापक बदलाव किया गया है। सैयदराजा के थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र को थानाध्यक्ष बबुरी बनाया गया है। मुगलसराय के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह को बलुआ थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं सकलडीहा के थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद को थानाध्यक्ष इलिया नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह को थानाध्यक्ष सकलडीहा और नरसिंह ओझा को थानाध्यक्ष कंदवा बनाया गया है। कंदवा थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक श्रीमती रीता देवी को महिला थाने का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। स्थानांतरण आदेश की प्रतिलिपि अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, जिलाधिकारी चंदौली समेत संबंधित पुलिस कार्यालयों और शाखाओं को भी भेजी गई है।
पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को जनपद की कानून-व्यवस्था मजबूत करने और थानों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। अब नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के सामने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान करने की चुनौती होगी।


