TRENDING TAGS :
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना,कहा इस सरकार में लोग अपने भगवान को नहीं कर पा रहे याद
Chandauli News : चंदौली में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था और अपराध बढ़ने को लेकर तीखा हमला बोला।
Chandauli News ( Image Credit - Newstrack)
Chandauli News : चंदौली में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल पहुंचे,जहां उन्होंने जिला अस्पताल में भर्ती सपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उनके साथ सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और सकलडीहा विधायक प्रभिनारायण सिंह यादव भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार उन्हें रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। गार्गी पटेल के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराध बड़े पैमाने पर हो रहे हैं। उन्होंने हाल ही में गाजीपुर में हुई हत्या की घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर अपराध नियंत्रण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के बाहर साधु-संतों के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों को अपने भगवान की पूजा और अपनी आस्था की अभिव्यक्ति करने की भी स्वतंत्रता नहीं मिल रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
गार्गी पटेल को न्याय दिलाने के सवाल पर श्याम लाल पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है। वहीं, प्राथमिकी में किसी सपा नेता का नाम सामने आने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो पार्टी उसके खिलाफ कार्रवाई करने और आवश्यकता पड़ने पर निष्कासन तक का निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेगी।


