TRENDING TAGS :
Chandauli News: 28 और 29 नवंबर को विशेष मतदाता कैंप, 18 साल के युवा ऐसे जुड़वाएं वोटर लिस्ट में नाम
Chandauli News: चंदौली जिले में 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली,विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से जिले में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 से 19 वर्ष के युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 चल रहा है। इसके तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसी क्रम में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।विशेष अभियान के दौरान सभी बूथों पर 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। नागरिक बीएलओ से संपर्क कर अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकेंगे। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन और निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकेगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर नागरिकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और शिकायत के लिए जिला संपर्क केंद्र के टोल फ्री नंबर 05412-1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा NVSP पोर्टल और Voter Helpline App पर उपलब्ध 'Book a Call with BLO' सुविधा के माध्यम से भी मतदाता अपने बीएलओ से कॉल बुक कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


