Chandauli News : आधी पानी ने मचाई तबाही,दो की मौत से मचा कोहराम

Chandauli News : चंदौली में तेज आंधी-पानी से दो लोगों की दर्दनाक मौत, दीवार गिरने और पेड़ दबने से चकिया क्षेत्र में मचा कोहराम।

Ashvini Mishra
Published on: 13 May 2026 10:55 PM IST
Chandauli News : आधी पानी ने मचाई तबाही,दो की मौत से मचा कोहराम
X

Chandauli Storm Tragedy

Chandauli News : चंदौली जिले में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-पानी ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और तेज रफ्तार हवाओं के चलते कई जगह पेड़ उखड़ गए, मकानों की दीवारें भरभराकर गिर पड़ीं और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार चकिया कोतवाली क्षेत्र के शिकारगंज में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से गुलाब (52), पुत्र मुन्नी, गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

वहीं दूसरी घटना करवतिया गांव में सामने आई, जहां तेज हवाओं के कारण एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दबने से प्रभावती देवी (65), पत्नी नंदू, की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

तेज आंधी का असर पूरे इलाके में देखने को मिला। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गए, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की सूचना है।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। साथ ही पूरे मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।आंधी-पानी की भयावहता को लेकर क्षेत्र में अभी भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तूफान इतना तेज था कि लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों से बाहर निकल आए।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story