Chandauli News: स्वतंत्रता दिवस पर छात्र से कथित बदसलूकी पर भड़के छात्र, देर रात तक प्रदर्शन

Chandauli News: चंदौली के चकिया स्थित आदित्य नारायण इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस पर छात्र से कथित बदसलूकी और मारपीट के विरोध में छात्रों ने देर रात तक प्रदर्शन किया। एडीएम न्यायिक रतन वर्मा के निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

Ashvini Mishra
Published on: 19 Aug 2026 9:41 AM IST
Chandauli News: स्वतंत्रता दिवस पर छात्र से कथित बदसलूकी पर भड़के छात्र, देर रात तक प्रदर्शन
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित आदित्य नारायण इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छात्र के साथ कथित तौर पर उठक-बैठक कराने और मारपीट किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और देर रात तक प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य के खिलाफ मोर्चा खोले रखा। छात्रों ने हाथों में बैनर लेकर कार्रवाई की मांग की और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। छात्रों की नाराजगी को देखते हुए मौके पर एडीएम न्यायिक रतन वर्मा पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की। छात्रों ने एडीएम के सामने अपनी शिकायतें रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।इस दौरान छात्रों ने एडीएम को अपना ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप था कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर छात्र के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार और मारपीट की गई, जिससे विद्यार्थियों में आक्रोश है। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

एडीएम ने छात्रों को आश्वस्त किया कि मामले में संवैधानिक और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।एडीएम के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। देर रात तक चले इस प्रदर्शन के बाद फिलहाल स्थिति शांत बताई जा रही है। हालांकि, अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है कि कथित मारपीट के मामले में जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है। मामला चकिया कोतवाली क्षेत्र के आदित्य नारायण इंटर कॉलेज का है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story