उपनिरीक्षक की अचानक मौत,पुलिस महकमे में शोक,एयर सो में जाने की कर रहे थे तैयारी तभी दिन में उठा दर्द

Chandauli News: चंदौली के इलिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक विजय कुमार राय की सीने में तेज दर्द उठने के बाद मौत हो गई। वह एयर शो में जाने की तैयारी कर रहे थे।

Ashvini Mishra
Published on: 22 Oct 2026 10:38 AM IST
उपनिरीक्षक की अचानक मौत,पुलिस महकमे में शोक,एयर सो में जाने की कर रहे थे तैयारी तभी दिन में उठा दर्द
X

Chandauli Vijay Kumar Rai death News

Chandauli News: चंदौली जनपद के इलिया थाने पर तैनात उपनिरीक्षक विजय कुमार राय (50) का गुरुवार की सुबह अचानक निधन हो गया। सुबह मॉर्निंग वॉक के बाद थाने पहुंचे उपनिरीक्षक एयर शो में जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और देखते ही देखते उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मी उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हृदय गति रुकने से हुई है।

जानकारी के मुताबिक उपनिरीक्षक विजय कुमार राय गुरुवार की सुबह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। टहलने के बाद वह इलिया थाने पहुंचे। थाने में कुछ देर रहने के बाद वह एयर शो में जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच अचानक उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें वाहन से सीएचसी शहाबगंज पहुंचाया।

सीएचसी में चिकित्सकों ने उपनिरीक्षक की जांच की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही इलिया थाने के पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। कुछ देर पहले तक साथी पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद विजय कुमार राय के अचानक निधन की खबर से सभी स्तब्ध रह गए।

अचानक हुई घटना से सहकर्मी स्तब्ध

उपनिरीक्षक विजय कुमार राय के निधन की खबर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुंची तो शोक का माहौल बन गया। सहकर्मियों ने बताया कि सुबह तक वह सामान्य दिखाई दे रहे थे। किसी को भी इस तरह अचानक उनके निधन की उम्मीद नहीं थी। साथी पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मऊ जिले के रहने वाले थे विजय कुमार राय

उपनिरीक्षक विजय कुमार राय स्वर्गीय विद्यासागर राय के पुत्र थे। वह मूल रूप से काछीकला, थाना कोपागंज, जिला मऊ के निवासी बताए गए हैं। उनकी उम्र करीब 50 वर्ष थी। वह वर्ष 1989 बैच के पुलिसकर्मी बताए गए हैं। लंबे समय से पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे विजय कुमार राय के असामयिक निधन से विभाग ने अपने एक साथी को खो दिया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों में शोक व्याप्त है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story