TRENDING TAGS :
Chandauli: चंदौली में लेखपाल पर फर्जी रिपोर्ट और हस्ताक्षर के गंभीर आरोप, गवाहों ने SDM से की शिकायत
Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा तहसील के टेकापुर गांव में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण की जांच के दौरान लेखपाल पर फर्जी रिपोर्ट और गवाहों के फर्जी हस्ताक्षर लगाने का आरोप लगा है।
Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील अंतर्गत टेकापुर गांव में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की जांच के दौरान लेखपाल पर फर्जी रिपोर्ट लगाने और गवाहों के फर्जी हस्ताक्षर कराने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर कथित गवाहों ने स्वयं उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार टेकापुर गांव निवासी अतुल तिवारी ने मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन को गांव के सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने संबंधी शिकायत भेजी थी। शिकायत के बाद मामले की जांच राजस्व विभाग के अधीनस्थ अधिकारियों को सौंपी गई। आरोप है कि जांच के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल अमृता कुमारी ने विपक्षी पक्ष के प्रभाव में आकर वास्तविक स्थिति के विपरीत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी।अतुल तिवारी का आरोप है कि जांच रिपोर्ट में गांव के ओमप्रकाश यादव समेत अन्य लोगों के नाम गवाह के रूप में फर्जी दर्ज किए गए, जबकि संबंधित लोगों का कहना है कि उन्होंने न तो कोई बयान दिया और न ही किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। गवाहों का आरोप है कि उनके नाम और हस्ताक्षर का दुरुपयोग करते हुए फर्जी तरीके से रिपोर्ट तैयार की गई है।
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब कथित गवाह स्वयं सकलडीहा तहसील पहुंचे और उप जिलाधिकारी के समक्ष लिखित प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। गवाहों ने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो फर्जीवाड़े की सच्चाई सामने आ जाएगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए सकलडीहा के उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर अनियमितता, फर्जी हस्ताक्षर या गलत रिपोर्टिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


