Chandauli News: क्षतिग्रस्त दुकान का मलबा हटाते समय बड़ा हादसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

Chandauli News : मुगलसराय में मलबा हटाने के दौरान दीवार गिरने से बड़ा हादसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर हालत में वाराणसी रेफर।

Ashvini Mishra
Published on: 7 Jun 2026 9:45 AM IST
Chandauli News: क्षतिग्रस्त दुकान का मलबा हटाते समय बड़ा हादसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर
X

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। जीटी रोड स्थित डीडीयू जंक्शन रेलवे गेट नंबर-2 के समीप क्षतिग्रस्त दुकान का मलबा हटाने के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने कई दुकानों पर हाल ही में बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के बाद कुछ दुकानों का हिस्सा क्षतिग्रस्त अवस्था में बचा हुआ था। दुकानदार शेष हिस्से की मरम्मत कराने और मलबा साफ कराने का कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान देर रात मजदूर मलबा हटाने में जुटे हुए थे कि अचानक एक कमजोर दीवार ढह गई और दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान वाराणसी जिले के बजरडीहा निवासी मोहम्मद अली के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

वहीं इस घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम मुगलसराय समेत पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण और मलबा हटाने के कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रशासन मामले की सभी पहलुओं से जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story