Chandauli News: प्रेम विवाह के बाद अलग हुई पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, चढ़ी टावर पर

Chandauli News : प्रेम विवाह के बाद पति के साथ रहने की मांग को लेकर चंदौली में विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ी, पुलिस ने सुरक्षित उतारा।

Ashvini Mishra
Published on: 16 Jun 2026 2:45 PM IST
Chandauli News: प्रेम विवाह के बाद अलग हुई पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, चढ़ी टावर पर
X

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित मुहम्मदाबाद गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाहिता अपने पति के साथ रहने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार युवती और युवक मुहम्मदाबाद गांव के जिन्नीवादी है,लगभग दो माह पूर्व मां काली मंदिर में दोनों परिवारों की सहमति से प्रेम विवाह हुआ था। विवाह के बाद कुछ कारणों से दोनों परिवारों के बीच दूरी और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल पक्ष ने युवती को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया, जिससे वह काफी आहत थी।

बताया जा रहा है कि पति के साथ रहने की जिद को लेकर युवती ने यह कदम उठाया और गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। काफी मशक्कत और समझाने के बाद पुलिस कर्मियों ने किसी तरह युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। टावर से नीचे उतरने के बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई और पूरे मामले की जानकारी जुटाई गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद के कारणों को समझने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही परिवारों के बीच आपसी सहमति और समझौते के माध्यम से समाधान निकालने की कोशिश भी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। मामला चकिया कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गांव का है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story