TRENDING TAGS :
Chanduali News: वेतन रोकने से नाराज परिचारक ने स्कूल में पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया
Chanduali News: सैयदराजा नेशनल इंटर कॉलेज में प्रार्थना सभा के दौरान संतोष मिश्रा ने शरीर पर पेट्रोल छिड़का, DIOS पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए
Chanduali National Inter College News
Chandauli News: चंदौली जनपद के सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय के परिचारक संतोष मिश्रा ने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना प्रार्थना सभा के दौरान हुई, जिससे विद्यालय परिसर में मौजूद शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। हालांकि शिक्षकों और कर्मचारियों की तत्परता से समय रहते उन्हें रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि संतोष मिश्रा जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय द्वारा पिछले दो माह से वेतन रोके जाने से काफी परेशान थे। उनका आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उनका वेतन रोक दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चेकिंग के दौरान यदि कोई कर्मचारी कुछ देर से पहुंचता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की धमकी देकर पैसे की मांग की जाती है।
परिचारक का कहना है कि केवल उनका ही नहीं, बल्कि विद्यालय के दो बाबुओं और दो परिचारकों का भी पिछले दो माह का वेतन रोका गया है, जिससे संबंधित कर्मचारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। विद्यालय प्रशासन ने भी स्थिति को संभालते हुए परिचारक को शांत कराया। घटना के बाद विद्यालय में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस पूरे मामले को लेकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि वेतन रोके जाने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
फिलहाल घटना के बाद परिचारक सुरक्षित हैं। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।


