TRENDING TAGS :
Chandauli News: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका
Chandauli News: चंदौली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल कीमतों और महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर भाजपा सरकार का पुतला फूंका, जमकर निशाना साधा।
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता एक बार फिर भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। चंदौली जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर महँगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया।
महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर
प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों की वजह से आज देश की जनता महँगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि एप्स्टीन फाइल और अमेरिका में अदानी पर चल रहे मुकदमों के चलते भाजपा सरकार ट्रम्प के आगे घुटने टेक चुकी है, जिसके कारण रूस से सस्ता तेल नहीं खरीदा जा रहा है। इसी वजह से देश में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
देवेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि अमेरिकी दबाव में किसान और युवा विरोधी ट्रेड डील करनी पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अदानी को बचाने के चक्कर में पूरा देश बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर जाति और धर्म के लोगों के खिलाफ काम किया है। अब समय आ गया है कि युवा और छात्र आगे आकर ऐसी अयोग्य और भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर करें।
वहीं जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ सीएनजी के दामों में भी बेतहाशा वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि इससे पहले व्यवसायिक गैस सिलेंडर और 5 किलो वाले सिलेंडर के दामों में भी भारी बढ़ोतरी की गई थी। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुएँ महँगी हो गई हैं, जिससे आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है।
पेपर लीक का मामला भी उठाया
अरुण द्विवेदी ने कहा कि एक तरफ जनता महँगाई की मार झेल रही है तो दूसरी तरफ बार-बार नीट परीक्षा पेपर लीक होने की घटनाओं से मेहनती छात्र परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कई छात्र आत्महत्या तक करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अब पूरी तरह से जनता का विश्वास खो चुकी है और ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनी कांत पांडेय, गंगा प्रसाद, राममूरत गुप्ता, गुलाब राम, कुलदीप वर्मा, अरबिंद पाण्डेय, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, बदरूद्वजा अंसारी, अमलेंदु पाण्डेय, मदनलाल लाल, प्रेमचंद गुप्ता, श्रीकांत पाठक, शमशाद अहमद, राकेश सिंह, नियाज़ अहमद, रामौतार यादव, बाबा गोंड, सतेंद्र उपाध्याय, अतुल दुबे, इंद्रजीत मिश्रा, पवन पासवान, शैलेश यादव, प्रकाश शर्मा, शमशेर खान, रमेश पाण्डेय, संतोष चौबे, ज्ञान प्रकाश तिवारी और उग्रसेन ओमसागर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


