TRENDING TAGS :
Chandauli News: संविधान रक्षा मार्च में जनपद से सैकड़ों कांग्रेसी होंगे शामिल, तैयारी में जुटे
Chandauli News: चंदौली कांग्रेस ने 26 नवंबर को लखनऊ में होने वाले संविधान रक्षा मार्च की तैयारी के लिए बैठक की। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मार्च में शामिल होने की अपील की।
संविधान रक्षा मार्च में जनपद से सैकड़ों कांग्रेसी होंगे शामिल, तैयारी में जुटे (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली भारतीय संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने आगामी 26 नवंबर संविधान दिवस को लखनऊ में आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कार्यक्रम में जनपद चंदौली से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे। इसी को लेकर रविवार, 22 नवंबर को जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में संपन्न हुई। बैठक में संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार लोगों को उनके मताधिकार से वंचित कर उनके संवैधानिक अधिकारों को समाप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जब वोट बचेगा तभी देश बचेगा। कांग्रेस पार्टी प्रत्येक भारतीय नागरिक के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई कांग्रेस लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि चंदौली सहित प्रदेश के सभी नागरिक आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और यदि नाम दर्ज नहीं है तो उसे समय रहते दर्ज कराएं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पीलीभीत मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करना चाहती है। उनके अनुसार पीलीभीत की एक विधानसभा में करीब 13 हजार लोगों के नाम मतदाता सूची में सुनियोजित तरीके से गलत दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अलग-अलग हथकंडे अपनाकर लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।
बैठक में मधु राय, रामानंद यादव, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, दयाराम पटेल, गंगा प्रसाद, शिवेंद्र मिश्रा, मदन लाल, दीनदयाल विश्वकर्मा, जुगल किशोर, मुकेश नंदन, राकेश सिंह, राजकिशोर सिंह, अमरदेव राम, रामौतार यादव, सैय्यद अंसारी, श्रीकांत पाठक, शमशेर खान, विशुन सोनकर और संतोष चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।


