Chandauli News DDU मंडल की अनूठी पहल: रेल कर्मचारियों की फिटनेस के लिए DRM ऑफिस में खुला 'मिनी जिम'

Chandauli News: डीडीयू मंडल ने रेल कर्मचारियों की फिटनेस और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए DRM कार्यालय में आधुनिक मिनी जिम की शुरुआत की।

Sunil Kumar
Published on: 27 May 2026 7:44 PM IST
Chandauli News DDU मंडल की अनूठी पहल: रेल कर्मचारियों की फिटनेस के लिए DRM ऑफिस में खुला मिनी जिम
X

Chandauli News

Chandauli News: भारतीय रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल ने अपने रेलकर्मियों को सेहतमंद और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए एक शानदार कदम उठाया है। कर्मचारियों के स्वास्थ्य, फिटनेस और कार्यक्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आधुनिक सुविधाओं से लैस एक 'मिनी जिम' की शुरुआत की गई है। यह जिम कार्यालय भवन के ग्राउंड फ्लोर (भूतल) पर कार्मिक विभाग के हिस्से में स्थापित किया गया है, ताकि रेल कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रख सकें।

वरिष्ठतम कर्मचारी ने फीता काटकर किया उद्घाटन

इस मिनी जिम का शुभारंभ 27 मई 2026 को बेहद खास अंदाज में किया गया। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने खुद फीता काटने के बजाय कार्मिक विभाग के सबसे वरिष्ठ कर्मचारी से फीता कटवाकर इसका उद्घाटन कराया। इस दौरान सीनियर कर्मचारी को यह सम्मान मिलते देख पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। उद्घाटन के इस खास मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, सीनियर डीपीओ उज्ज्वल आनंद सहित मंडल के सभी विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

कर्मचारी कल्याण निधि से तैयार हुई जिम, ये रहेगा समय

इस मिनी जिम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे 'मंडल कर्मचारी कल्याण निधि' के सहयोग से विकसित किया गया है। यह पूरी तरह से कर्मचारियों की भलाई को समर्पित है। कार्यालय में काम करने वाले रेलकर्मी अपनी सुविधानुसार निर्धारित समय पर इस जिम का लाभ उठा सकेंगे। जिम के संचालन के लिए तीन शिफ्ट तय की गई हैं:

सुबह की शिफ्ट: प्रातः 08:00 बजे से 09:30 बजे तक

दोपहर की शिफ्ट: 13:30 बजे से 14:30 बजे तक

शाम की शिफ्ट: संध्या 18:00 बजे से रात 20:30 बजे तक

अनुशासन और स्वच्छता के लिए बनी नियमावली

जिम में व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए रेल प्रशासन ने एक नियमावली भी जारी की है। जिम का उपयोग करने वाले हर कर्मचारी को वहाँ रखे अटेंडेंस रजिस्टर में अपनी एंट्री दर्ज करनी होगी। इसके साथ ही जिम के भीतर साफ-सफाई, कड़ा अनुशासन बनाए रखने और कसरत के आधुनिक उपकरणों का सुरक्षित व सही तरीके से उपयोग करने पर विशेष जोर दिया गया है।

रेल मंडल प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल कर्मचारियों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि ऑफिस में एक सकारात्मक और स्वस्थ कार्य संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story