Chandauli News: चंदौली: DDU मंडल में आधुनिक सिग्नलिंग शुरू, बढ़ेगी रेल सुरक्षा

Chandauli News: मुठानी स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और भभुआ रोड-कुदरा रेलखंड में ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग शुरू, ट्रेनों की रफ्तार और सुरक्षा बढ़ेगी।

Sunil Kumar
Published on: 11 Jun 2026 8:05 PM IST
Chandauli: Modern signaling started in DDU division, increased railway safety
X

चंदौली: DDU मंडल में आधुनिक सिग्नलिंग शुरू, बढ़ेगी रेल सुरक्षा (Photo- Newstrack)

Chandauli News: भारतीय रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल ने रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंडल के सबसे व्यस्त ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड के अंतर्गत आने वाले मुठानी स्टेशन पर अत्याधुनिक 'इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग' और भभुआ रोड–कुदरा रेलखंड में 'ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग' प्रणाली को सफलतापूर्वक चालू (कमीशन) कर दिया गया है। यह नई व्यवस्था 11 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से पूरी तरह प्रभावी हो गई है।

मुठानी स्टेशन पर अब रूट क्षमता 35 से बढ़कर हुई 82

रेलवे द्वारा किए गए इस आधुनिक बदलाव के बाद मुठानी स्टेशन की रूट क्षमता 35 से बढ़कर सीधे 82 हो गई है। स्टेशन पर साल 2001 से चल रही पुरानी पैनल इंटरलॉकिंग व्यवस्था को हटाकर नई 'सेंट्रलाइज्ड इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली' स्थापित की गई है। इसके साथ ही, पुराने ट्रैक सर्किट की जगह अब आधुनिक 'मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर' लगाए गए हैं। इस तकनीक से ट्रेनों का संचालन अधिक लचीला, सुरक्षित और विश्वसनीय हो जाएगा।

ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग से बढ़ेगी ट्रेनों की संख्या

इसी आधुनिकीकरण के तहत भभुआ रोड– मुठानी– पुसौली– कुदरा रेलखंड के लगभग 22.23 किलोमीटर क्षेत्र में 'ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली' शुरू की गई है। इस कार्य के लिए 5 ऑटोमैटिक रिले हट और 73 ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नल लगाए गए हैं। इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि एक ही दिशा में चलने वाली ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनी रहेगी, जिससे बिना किसी देरी के इस ट्रैक पर एक के बाद एक कई ट्रेनें सुरक्षित रूप से चलाई जा सकेंगी।

कम से कम ट्रैफिक ब्लॉक में काम पूरा, रेलयात्रियों को मिलेगी सहूलियत

इस बड़े तकनीकी कार्य को रेलवे ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया। यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए शुरुआत में दो दिनों तक सिर्फ 180-180 मिनट के ट्रैफिक ब्लॉक लिए गए। वहीं, अंतिम काम को पूरा करने के लिए 135 मिनट का 'व्हील-फ्री ट्रैफिक ब्लॉक' लिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के मार्गदर्शन और विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ग्रैंड कॉर्ड जैसे व्यस्त रूट पर यह अपग्रेडेशन भविष्य की जरूरतों को पूरा करने और समयबद्ध रेल सेवाएं देने में मील का पत्थर साबित होगा।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story