Chandauli: डीडीयू जंक्शन पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंप, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के बने प्रमाण-पत्र

Chandauli News: चंदौली के डीडीयू जंक्शन स्थित एसबीआई रेलवे स्टेशन शाखा में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत विशेष शिविर लगाया गया। इसमें 22 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाए गए, जबकि 39 पेंशनभोगियों ने ऑफलाइन प्रमाण-पत्र जमा किए।

Ashvini Mishra
Published on: 2 Nov 2026 7:38 PM IST
Chandauli: डीडीयू जंक्शन पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंप, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के बने प्रमाण-पत्र
X

Chandauli News

Chandauli News: पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल की ओर से पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत आज डीडीयू जंक्शन स्थित एसबीआई रेलवे स्टेशन शाखा में एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के सहयोग से लगाए गए इस शिविर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बड़ी राहत दी गई है।

कैंप में 22 रेलकर्मियों का डिजिटल प्रमाण-पत्र जनरेट

आज आयोजित इस कैंप में पेंशनभोगियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान लगभग 22 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन माध्यम से सफलतापूर्वक जनरेट किया गया। इसके अलावा, 39 अन्य पेंशनरों ने ऑफलाइन माध्यम से अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा किया। कैंप में मौजूद अधिकारियों ने इन सभी पेंशनरों को भविष्य की सुविधा के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी और जागरूक किया।

पेंशनर्स को बैंक के चक्कर काटने से मुक्ति

इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य बुजुर्ग और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों तथा पारिवारिक पेंशनरों के लिए वार्षिक जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को बेहद आसान बनाना है। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सुविधा मिलने से पेंशनभोगियों को अब हर साल प्रमाण-पत्र देने के लिए बैंक या दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते हैं। वे घर बैठे या ऐसे विशेष शिविरों के माध्यम से आसानी से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।रेलवे प्रशासन द्वारा पेंशनरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीडीयू मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से मेगा कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों को सफल बनाने के लिए कल्याण निरीक्षकों, वित्त विभाग के वरिष्ठ अनुभाग अधिकारियों और संबंधित बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि मौके पर ही पेंशनरों को हरसंभव तकनीकी सहायता मिल सके।

आगामी शिविरों की तिथियां

डीडीयू मंडल और रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के संयुक्त प्रयासों से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी दिनों में मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनका विवरण इस प्रकार है:

03 नवंबर 2026: भभुआ रोड स्टेशन

04 नवंबर 2026: सासाराम स्टेशन

05 नवंबर 2026: डेहरी ऑन सोन स्टेशन

06 नवंबर 2026: गया जंक्शन स्टेशन

रेलवे प्रशासन ने क्षेत्र के सभी सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और पारिवारिक पेंशनर साथियों से अपील की है कि वे इन निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीki कैंप में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की इस आधुनिक सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story