Chandauli News: दो हत्याओं के बाद रेलवे ने लिया सबक अब ड्रोन से होगी सुरक्षा की निगरानी

Chandauli News: डीडीयू जंक्शन और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए रेलवे ने ड्रोन सर्विलांस शुरू करने का फैसला लिया है। हाल में हुई दो हत्या की घटनाओं के बाद आरपीएफ और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त चेकिंग अभियान भी चलाया।

Ashvini Mishra
Published on: 12 May 2026 5:32 PM IST
Chandauli News: दो हत्याओं के बाद रेलवे ने लिया सबक अब ड्रोन से होगी सुरक्षा की निगरानी
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद स्थित पंडित दिन दयाल नगर पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ा फैसला लिया है। अब डीडीयू जंक्शन परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी ड्रोन कैमरे के माध्यम से की जाएगी। हाल के दिनों में स्टेशन और उसके आसपास ट्रेनों में हुई लगातार दो हत्या की घटनाओं के बाद रेलवे प्रशासन और आरपीएफ ने सबक लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए यह कदम उठाया है।

रेलवे सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार ड्रोन कैमरे को संचालित करने के लिए आरपीएफ के जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित जवान अब स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, ट्रैक, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग जोन, फुटओवर ब्रिज, पार्सल कार्यालय और ट्रेनों के आसपास के क्षेत्रों पर लगातार हवाई निगरानी रखेंगे। अधिकारियों का मानना है कि ड्रोन सर्विलांस से संदिग्ध गतिविधियों पर तेजी से नजर रखी जा सकेगी और किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सकेगा।इसी कड़ी में मंगलवार को आरपीएफ, डॉग स्क्वाड और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने डीडीयू जंक्शन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल कार्यालय, फुटओवर ब्रिज, पार्किंग क्षेत्र, प्लेटफॉर्म और विभिन्न ट्रेनों में गहन तलाशी अभियान चलाया। यात्रियों के सामान की जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई।

इस विशेष अभियान में आरपीएफ के उप निरीक्षक राहुल कुमार राय, विजय बहादुर राम, सहायक उप निरीक्षक गौतम कुमार सिंह, आरक्षी संजय कुमार गोंड, अजय पाल समेत अन्य जवान शामिल रहे। वहीं डॉग स्क्वाड टीम में उप निरीक्षक जय सिंह यादव और वीरेंद्र यादव ने मोर्चा संभाला।रेलवे विभाग द्वारा हाल में साइको किलर द्वारा लगातार दो दिनों तक डीडीयू जंक्शन के आसपास ट्रेनों में हत्या जैसी गंभीर घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा के सभी मानकों को और मजबूत किया जा रहा है। ड्रोन निगरानी शुरू होने से यात्रियों की सुरक्षा में बड़ा सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story