Chandauli News : डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ की मेरी सहेली टीम ने कराया सुरक्षित प्रसव

Chandauli News : डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ की मेरी सहेली टीम ने ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत स्टेशन पर ही सुरक्षित प्रसव कराकर मां-बच्चे की जान बचाई।

Sunil Kumar
Published on: 8 Jan 2026 8:49 AM IST
Chandauli News : डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ की मेरी सहेली टीम ने कराया सुरक्षित प्रसव
X

Chandauli DDU Junction News

Chandauli News : दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता से एक महिला यात्री की जान पर बन आई मुसीबत खुशियों में बदल गई। 'ऑपरेशन मातृ शक्ति' के तहत आरपीएफ की 'मेरी सहेली' टीम ने स्टेशन पर ही महिला का सफल प्रसव कराया। फिलहाल मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

चलती ट्रेन में शुरू हुई प्रसव पीड़ा

घटना बीते बुधवार देर रात की है। बिहार के नवादा जिले की रहने वाली बबीता कुमारी (30 वर्ष) अपने पति शिव कुमार चौहान के साथ बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14224) से वाराणसी से राजगीर जा रही थीं। ट्रेन जब डीडीयू स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी बबीता को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही घबराया हुआ पति दौड़कर आरपीएफ पोस्ट पहुंचा और मदद की गुहार लगाई।

आरपीएफ टीम की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने तुरंत 'मेरी सहेली' टीम को सक्रिय किया। उप-निरीक्षक सरिता गुर्जर, सहायक उप-निरीक्षक शाहिद खान और महिला कांस्टेबल संगीता देवी तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम महिला को व्हीलचेयर के जरिए अस्पताल ले जाने की कोशिश कर ही रही थी कि प्लेटफॉर्म से बाहर निकलते समय दर्द असहनीय हो गया।

प्लेटफॉर्म के पास ही गूंजी किलकारी

अस्पताल ले जाने का समय न देख, उप-निरीक्षक सरिता गुर्जर और कांस्टेबल संगीता देवी ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने सुरक्षा का घेरा बनाकर रास्ते में ही महिला का सकुशल प्रसव कराया। इसके बाद तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर जच्चा-बच्चा को राजकीय महिला अस्पताल, मुगलसराय में भर्ती कराया गया।

परिवार ने जताया आभार

डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि मां और नवजात बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस मानवीय कार्य के लिए बबीता के पति शिव कुमार ने आरपीएफ टीम का दिल से आभार व्यक्त किया। स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी 'मेरी सहेली' टीम की इस त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की जमकर सराहना की।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story