Chandauli News: VRSP-2026 में डीडीयू मंडल का ऐतिहासिक प्रदर्शन, जीते 21 शील्ड और 16 व्यक्तिगत सम्मान

Chandauli News: विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 में डीडीयू मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 विभागीय शील्ड और 16 व्यक्तिगत पुरस्कार हासिल किए। मंडल को सुरक्षित संचालन, समयपालन, स्वच्छता और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति के लिए सम्मान मिला।

Sunil Kumar
Published on: 7 Aug 2026 8:06 PM IST
Chandauli News: VRSP-2026 में डीडीयू मंडल का ऐतिहासिक प्रदर्शन, जीते 21 शील्ड और 16 व्यक्तिगत सम्मान
X

Chandauli News

Chandauli News: पूर्व मध्य रेल के 71वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 (VRSP-2026) में पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल ने अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पाटलिपुत्र रेल परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में डीडीयू मंडल को उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति, सुरक्षित रेल संचालन, समयपालन, स्वच्छता और कर्मचारी-केंद्रित सेवाओं के लिए कुल 21 विभागीय शील्डों से नवाजा गया। इसके साथ ही, बेहतर कार्यकुशलता के लिए महाप्रबंधक का प्रतिष्ठित 'एफिशिएंसी रनर-अप कप' (उपविजेता कप) भी डीडीयू मंडल को प्राप्त हुआ। इस दौरान मंडल के 16 अधिकारियों और रेलकर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट व समर्पित कार्यों के लिए व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया गया।

महाप्रबंधक ने दिए पुरस्कार, DRM ने टीम के साथ संभाली ट्रॉफी

समारोह में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने विभागीय शील्डों और व्यक्तिगत पुरस्कारों का वितरण किया। डीडीयू मंडल की ओर से मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने अपने शाखा अधिकारियों के साथ मिलकर इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों और शील्डों को प्राप्त किया।मंडल ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 एकल और 13 संयुक्त (अन्य मंडलों के साथ साझा) शील्डें हासिल की हैं। यह उपलब्धि मंडल के हर विभाग के बीच बेहतर समन्वय और मजबूत कार्यप्रणाली को दर्शाती है।

परिचालन से लेकर स्वच्छता तक में डीडीयू मंडल का दबदबा

विभिन्न श्रेणियों में मिले ये पुरस्कार मंडल के चौतरफा विकास को साबित करते हैं: महाप्रबंधक एवं परिचालन शील्ड: डीडीयू जंक्शन को 'क्लीनलीनेस शील्ड (बिग स्टेशन)' का पुरस्कार मिला। वहीं परिचालन विभाग में ओवरऑल एफिशिएंसी, पंक्चुअलिटी (समयपालन), टर्मिनल और फ्रेट लोडिंग एफिशिएंसी जैसी महत्वपूर्ण शील्डें मंडल के नाम रहीं। इंजीनियरिंग, विद्युत और यांत्रिक विभाग: डीडीयू के 'बेस्ट डीजल शेड' और डीडीयू 'सी' लॉबी को 'बेस्ट लोको क्रू लॉबी' का खिताब मिला। इसके अलावा ट्रैक मेंटेनेंस, सेफ्टी, वर्क्स, सीएंडडब्ल्यू तथा गया और डीडीयू के कोचिंग व फ्रेट डिपो को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया।चिकित्सा, कार्मिक एवं वित्त: देहरी-ऑन-सोन को 'बेस्ट हेल्थ यूनिट' घोषित किया गया, जबकि कार्मिक विभाग को मैनपावर प्लानिंग और कर्मचारियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष सम्मान मिला।

16 रेलकर्मी व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित

विभागीय शील्डों के अलावा मंडल के 16 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कार विजेताओं में वरिष्ठ मंडल अभियंता अजय कुमार चौधरी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी संतोष कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी सुमित चटर्जी, स्टेशन मास्टर प्रिंस कुमार व इन्दुभूषण मिश्रा, तथा पॉइंट्समैन-बी जयमाला कुमारी सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं।

DRM ने जताया आभार, कर्मचारियों के समर्पण को सराहा

इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जताते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने कहा कि यह उपलब्धि डीडीयू मंडल के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के सामूहिक अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 21 शील्ड और 16 व्यक्तिगत पुरस्कार यह साबित करते हैं कि मंडल हर क्षेत्र में उच्च मानकों पर खरा उतर रहा है। यह सम्मान पूरी टीम को भविष्य में और अधिक सुरक्षित, समयबद्ध, विश्वसनीय और यात्री-अनुकूल रेल सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगा।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story