Chandauli News: DDU रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक में यात्रियों की सुविधाओं और विकास पर चर्चा

Chandauli News: चंदौली में आयोजित डीडीयू रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक में सांसदों और रेलवे अधिकारियों ने यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना व विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।

Sunil Kumar
Published on: 10 July 2026 9:32 PM IST
Passenger facilities and development discussed at DDU Railway Board Parliamentary Committee meeting
X

DDU रेल मंडल संसदीय समिति की बैठक में यात्रियों की सुविधाओं और विकास पर चर्चा (Photo- Newstrack)

Chandauli News: पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में 10 जुलाई 2026 को 'मंडल संसदीय समिति' की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।पड़ोसी राज्य बिहार के पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनहित, यात्री सुविधाओं और रेलवे के सर्वांगीण विकास को लेकर गहन चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्र के कई सांसदों, उनके प्रतिनिधियों और पूर्व मध्य रेल के उच्च अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में शामिल हुए प्रमुख जनप्रतिनिधि

इस उच्च स्तरीय बैठक में चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, काराकाट के सांसद राजा राम सिंह, आरा के सांसद सुदामा प्रसाद, सासाराम के सांसद मनोज कुमार, औरंगाबाद के सांसद अभय कुमार सिन्हा और राज्य सभा सांसद श्रीमती साधना सिंह उपस्थित रहीं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी (सांसद, गया), बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह और राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

आधारभूत संरचना और यात्री सुविधाओं पर जोर

बैठक के दौरान सभी सांसदों ने रेल विकास और यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए। जनप्रतिनिधियों ने इंफ्रास्ट्रक्चर (आधारभूत संरचना) के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करने और भविष्य की नई कार्य योजनाओं पर विशेष बल दिया।

डीडीयू मंडल की बड़ी उपलब्धियां

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025 -26 के दौरान डीडीयू मंडल की सफलताओं का ब्योरा देते हुए बताया कि:मंडल ने रिकॉर्ड 92 हजार से अधिक यात्री ट्रेनों का सफल परिचालन किया। डीडीयू -मानपुर रेलखंड पर 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सफल गति परीक्षण किया गया। 4.5 किमी लंबी 'रुद्रास्त्र' मालगाड़ी का ऐतिहासिक संचालन किया गया। दिसंबर महीने में 905 वैगनों की रूटीन ओवरहॉलिंग कर भारतीय रेल में सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया गया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का कायाकल्प

महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत डीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों का पुनर्विकास तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही गया स्टेशन को विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 'वर्ल्ड क्लास स्टेशन' बनाने का काम भी युद्ध स्तर पर जारी है। बैठक के अंत में उन्होंने सभी सांसदों के सुझावों के लिए आभार जताया।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story