TRENDING TAGS :
Chandauli वोट चोरी और चढ़ावा चोरी को लेकर गांव-गांव अभियान चलाएगी कांग्रेस, बैठक में बनी रणनीति
Chandauli News: चंदौली में कांग्रेस ने कथित वोट चोरी और राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दों पर गांव-गांव और बूथ स्तर तक आंदोलन चलाने की बनाई बड़ी रणनीति।
Chandauli News: चंदौली में,देश में कथित वोट चोरी और अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और निर्वाचन आयोग के खिलाफ आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की ओर से जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने और ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार वोट चोरी के मुद्दे को उठाते रहे हैं। उनका दावा है कि निर्वाचन प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण जनता का चुनाव आयोग पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों और मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने देश में मतदान बैलेट पेपर से कराने की भी मांग उठाई।
उन्होंने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत ब्लॉकवार नेताओं और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। ब्लॉक और बूथ स्तर पर चौपाल लगाकर लोगों को कथित वोट चोरी के मुद्दे से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस महीनों में निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के फैसलों पर 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। उनके अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया के तहत नए मतदाताओं को जोड़ने, मतदाताओं के नाम हटाने और निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली को दिल्ली में केंद्रीकृत करने जैसे फैसलों पर सवाल उठाए गए थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष नहीं हो जाती। पार्टी इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत करने का प्रयास करेगी।
इस अवसर पर मधु राय, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, दयाराम पटेल, गंगा प्रसाद, गुलाब राम, असगर अली, अमलेन्दु पांडेय, दिलीप यादव, जुगल किशोर, मदन लाल, रामौतार यादव, श्रीकांत पाठक, राकेश सिंह, राजकिशोर सिंह, अतुल दुबे, गुलाम अली, विजय कुमार, शमशेर खान, गौरव मिश्रा, निरंजन जायसवाल, निखिल सिंह, गुड्डू मिठाई वाला और रामनगिना राम सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।


