TRENDING TAGS :
Chandauli News: डीएम-एसपी के उठते ही समाधान दिवस की ‘महफिल’ उजड़ी, अधिकारियों के रवैये पर उठे सवाल
Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा तहसील में आयोजित समाधान दिवस में डीएम-एसपी के जल्दी जाने के बाद कई अधिकारी भी उठ गए, जिससे फरियादियों में नाराजगी और व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए।
डीएम-एसपी के उठते ही समाधान दिवस की ‘महफिल’ उजड़ी, अधिकारियों के रवैये पर उठे सवाल (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यक्रम स्थल से उठते ही पूरे माहौल में बदलाव देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को अन्य निरीक्षण कार्यक्रम में जाना था, जिसके चलते वे निर्धारित समय से लगभग 15 मिनट पहले ही कार्यक्रम से निकल गए।
अधिकारियों के जाते ही बदला माहौल
डीएम और एसपी के प्रस्थान के बाद उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सकलडीहा फरियादियों की समस्याएं सुनते रहे और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी रही। हालांकि, चौंकाने वाली बात यह रही कि जिलास्तरीय कई अन्य अधिकारी भी कुछ ही देर में कार्यक्रम स्थल से उठकर चले गए। इससे दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों में निराशा और असंतोष देखने को मिला।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और मौके पर उनका समाधान सुनिश्चित करना होता है। लेकिन जिस तरह वरिष्ठ अधिकारियों के जाते ही अन्य अधिकारी भी एक-एक कर निकलते दिखाई दिए, उसने पूरे आयोजन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फरियादियों में मायूसी, उठे सवाल
कई फरियादियों ने बताया कि वे घंटों इंतजार कर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अधिकारियों के इस रवैये से उन्हें निराशा हाथ लगी। हालांकि, एसडीएम कुंदन राज कपूर, तहसीलदार और नायब तहसीलदार लगातार मौके पर मौजूद रहे और लोगों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
इसके बावजूद, कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आमजन का मानना है कि यदि जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में ही अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाएंगे, तो जनता की उम्मीदों को झटका लगना स्वाभाविक है।
सकलडीहा तहसील में आयोजित इस समाधान दिवस के बाद अब अधिकारियों के व्यवहार को लेकर जनपद में चर्चाओं का बाजार गर्म है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


