TRENDING TAGS :
Chandauli News: चंदौली में दोहरी हत्या से मची सनसनी, दिनदहाड़े साइकिल सवार को गोली
Chandauli News: चंदौली में एक ही दिन दो हत्याओं से दहशत फैल गई। अलीनगर में साइकिल सवार मनोज कुमार की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी।
चंदौली में दोहरी हत्या से मची सनसनी, दिनदहाड़े साइकिल सवार को गोली (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जनपद में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार को जिले में हुई दो-दो हत्याओं की घटनाओं से जनपद दहल उठा। ताजा मामला अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप का है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक साइकिल सवार व्यक्ति को दिन दहाड़े गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मनोज कुमार निवासी मुगलसराय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज कुमार साइकिल से कहीं जा रहे थे। हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस सनसनीखेज हत्या के बाद जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
चकिया क्षेत्र में भी सोए व्यक्ति की कुल्हाड़ी से आज सुबह हत्या हुई थी, उसके बाद दिनदहाड़े गोली मारकर दूसरे व्यक्ति की भी हत्या करने की घटना से जनपद दहल गया है।


