TRENDING TAGS :
Chandauli News: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, फंदे से लटका मिला शव
Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर 10 लाख दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।
दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, फंदे से लटका मिला शव (Photo- Newstrack)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक भाई ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर अपनी बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित भाई का कहना है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया। पुलिस को इस संबंध में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।
चार साल पहले हुई थी शादी
सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पड़री निवासी वकील यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन की शादी 18 मई 2022 को चंदौली के नौगढ़ थाना क्षेत्र के बिशेषरपुर गाँव निवासी सुशील यादव पुत्र सियाराम के साथ हुई थी। शादी के समय परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार 3 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठी, शिकड़ी (चेन) और अन्य कीमती उपहार देकर अपनी बेटी को विदा किया था।
10 लाख रुपये के लिए प्रताड़ना और धमकी
आरोप है कि शादी के एक साल बीतने के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। मृतका के पति सुशील, ससुर सियाराम, सियाराम के पिता मौलई, देवर सोनू और सास तीजा देवी मिलकर महिला पर लगातार दबाव बना रहे थे। वे मायके से 10 लाख रुपये और लाने की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर वे अक्सर धमकी देते थे कि 'तुम्हारी हत्या करके इसे आत्महत्या का रूप दे देंगे।'
हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप
पीड़ित भाई वकील यादव के अनुसार, 19 मई 2026 की सुबह ससुराल वालों ने उसकी बहन के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सच छुपाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। सुबह करीब 8 बजे आरोपी देवर सोनू ने फोन पर सूचना दी कि उसकी बहन ने फांसी लगाकर जान दे दी है। जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुँचे, तो मृतका के शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे।
न्याय की गुहार
पीड़ित परिवार का पूरा विश्वास है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि एक सोची-समझी क्रूर हत्या है। मृतका के भाई ने नौगढ़ थाना प्रभारी से विनम्र निवेदन करते हुए सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि उनकी दिवंगत बहन को न्याय मिल सके।


