Chandauli News: बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस से डीआरएम का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Chandauli News: डीआरएम उदय सिंह मीना ने डीडीयू-गया रेलखंड पर कवच प्रणाली, सिग्नल, ट्रैक पेट्रोलिंग और ब्रेक व्यवस्था जांची, सर्दियों में कोहरे व अग्नि सुरक्षा पर दिए निर्देश।

Sunil Kumar
Published on: 23 Nov 2026 8:26 PM IST
Rapid inspection of DRM from Buddha Purnima Express, security arrangements taken
X

बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस से डीआरएम का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा (Photo- Newstrack)

Chandauli News: मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने 22 और 23 नवंबर की दरम्यानी रात को गाड़ी संख्या 15138 बनारस–राजगीर बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन–गया ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड पर औचक रात्रिकालीन फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन संचालन और रेल सुरक्षा से जुड़े कई अहम इंतजामों की बारीकी से पड़ताल की।

कवच प्रणाली, सिग्नल और ट्रैक पेट्रोलिंग की जांच

निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने कवच प्रणाली वाले हिस्से में इसके काम करने के तरीके को देखा। उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों द्वारा रात में की जा रही रेलपथ पेट्रोलिंग की स्थिति भी जांची। इसके साथ ही पटरी की मजबूती, ट्रेन के चलने का अनुभव, रात में सिग्नलों की साफ दृश्यता, स्टेशनों से ट्रेन गुजरते समय ऑल राइट सिग्नल का आदान-प्रदान और रेलवे क्रॉसिंग पर गेटमैन की मुस्तैदी का अवलोकन किया। लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की सिग्नल कॉलिंग व सतर्कता पर भी खास नजर रखी गई।

ब्रेक परीक्षण की प्रक्रियाओं का अवलोकन

डीआरएम ने ब्रेक फील टेस्ट और ब्रेक कंटिन्यूटी टेस्ट की तय प्रक्रियाओं को भी परखा। ब्रेक फील टेस्ट के तहत स्टेशन से ट्रेन चलने के तुरंत बाद नियम के अनुसार ब्रेक लगाकर यह देखा जाता है कि ब्रेक सही से काम कर रहे हैं या नहीं और गति उम्मीद के मुताबिक घट रही है या नहीं। वहीं, ब्रेक कंटिन्यूटी टेस्ट में इंजन से आखिरी डिब्बे तक ब्रेक सिस्टम में जरूरी हवा के दबाव की निरंतरता जांची जाती है, जिससे पूरी ट्रेन में ब्रेक प्रभावी ढंग से काम कर सकें। सुरक्षित सफर के लिए दोनों जांचों के सही पालन पर जोर दिया गया।

सर्दियों में कोहरे और अग्नि-सुरक्षा पर विशेष ध्यान

सर्दियों को देखते हुए मंडल में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पटरियों को सुरक्षित बनाए रखने के लिए रात की पेट्रोलिंग बढ़ाने, कर्मचारियों की जीपीएस से निगरानी करने और औचक जांच के निर्देश दिए गए हैं। कोहरे के दौरान लोको पायलटों को फॉग सेफ डिवाइस देने, उसके सही संचालन और स्टाफ की काउंसलिंग पर भी काम हो रहा है। साथ ही पटरी पर किसी झटके या गड़बड़ी की स्थिति में तय नियमों के पालन के लिए पायलटों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा ट्रेनों, स्टेशनों और पटरियों के आसपास आग से बचाव तथा ट्रैक किनारे कचरा या लकड़ी जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Sunilkumarchandauli@newstracksite.vocalwire.com
Next Story