Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ में नशे की लत से बर्बाद हो रहे युवा, सड़कों पर बढ़ी गुंडागर्दी

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में शराब, गांजा और सिगरेट की बढ़ती लत युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है। मुख्य मार्गों पर खुले शराब के ठेकों से महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Sunil Kumar
Published on: 2 Jun 2026 10:54 PM IST
Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ में नशे की लत से बर्बाद हो रहे युवा, सड़कों पर बढ़ी गुंडागर्दी
X

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के अति-पिछड़े क्षेत्र नौगढ़ में नशे का कारोबार तेजी से पैर पसार रहा है। यहाँ का युवा वर्ग लगातार शराब, गांजा और सिगरेट जैसी जानलेवा आदतों का शिकार हो रहा है, जिससे हंसते-खेलते परिवार पूरी तरह बर्बाद हो रहे हैं। सरकार की दोहरी नीतियों और मुख्य मार्गों पर खुले शराब के ठेकों के कारण अब आम जनता, खासकर महिलाओं और बच्चों का सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है।

युवाओं का भविष्य निगल रहा नशा

नौगढ़ के सुदूर ग्रामीण इलाकों में इन दिनों नशे का ग्राफ अचानक बहुत तेजी से बढ़ा है। रोजगार की कमी और जागरूकता के अभाव में यहाँ के युवा बड़ी संख्या में शराब, गांजे और अन्य घातक मादक पदार्थों की गिरफ्त में आ रहे हैं। कम उम्र के लड़के भी सिगरेट और नशे के अन्य सामानों की लत पाल रहे हैं। इस सामाजिक बुराई के कारण कई घरों के चिराग बुझ रहे हैं और परिवारों की आर्थिक स्थिति बदतर होती जा रही है।

सरकार की दोहरी नीति पर उठे सवाल

एक तरफ सरकार प्रदेश को नशामुक्त बनाने के बड़े-बड़े दावे और नीतियां बनाती है, तो वहीं दूसरी तरफ राजस्व कमाने के चक्कर में धड़ल्ले से शराब के ठेके बांटे जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की इस दोहरी नीति के कारण ही आज हर गली-मोहल्ले तक नशा आसानी से उपलब्ध हो रहा है।नियमों को ताक पर रखकर नौगढ़ के अधिकांश शराब के ठेके गांवों के मुख्य मार्गों पर खोल दिए गए हैं। स्थिति यह हो गई है कि शाम ढलते ही इन ठेकों के आसपास और सड़कों पर पियक्कड़ों और अराजक तत्वों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। इस वजह से सड़कों से गुजरने वाली महिलाओं, स्कूल से लौटने वाले बच्चों और राहगीरों को भारी मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। सड़कों पर अक्सर हुड़दंग और अभद्र टिप्पणी का माहौल बना रहता है।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और महिलाओं ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि मुख्य रास्तों से इन शराब की दुकानों को तुरंत हटाया जाए। यदि समय रहते पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध गांजे और शराब की बिक्री पर रोक नहीं लगाई, तो नौगढ़ की आने वाली पीढ़ी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी।

Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story