Chandauli News: गंगा कटान को लेकर धरना 23वें दिन भी जारी,स्थाई निदान के लिए किसान अड़े

Chandauli News: चंदौली के धानापुर क्षेत्र में गंगा कटान रोकने की मांग को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना 23वें दिन भी जारी रहा। किसानों ने स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Ashvini Mishra
Published on: 19 Jun 2026 9:29 AM IST
Chandauli News: गंगा कटान को लेकर धरना 23वें दिन भी जारी,स्थाई निदान के लिए किसान अड़े
X

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के धानापुर क्षेत्र के गुरैनी पंप कैनाल पर गंगा कटान रोकथाम की मांग को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना 23वें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर पहुंचे किसान सभा के जिला अध्यक्ष पारसनाथ विश्वकर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि 21 जून को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह धरना स्थल पर पहुंचकर कटानरोधी कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण और अवलोकन करेंगे। उन्होंने कहा कि अब किसानों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जनप्रतिनिधि अपने वादों पर कितना खरे उतरते हैं।

धरने को संबोधित करते हुए किसान सभा के कार्यकारी सदस्य दीनानाथ श्रीवास्तव ने कहा कि वर्षों से नेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत के कारण किसानों का शोषण होता रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस वर्ष गंगा कटान की स्थायी और प्रभावी रोकथाम की व्यवस्था नहीं की गई तो वह आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों की गाढ़ी कमाई और पुश्तैनी जमीन हर वर्ष गंगा की धारा में समाहित होती जा रही है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उनकी पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं है, जिससे अन्नदाता निराश और हताश होकर आंदोलन के लिए मजबूर हैं।धरने में किसान नेता धनंजय सिंह, शिवराज सिंह, रामदुलार यादव, मुन्ना सिंह, रामप्यारे, शशिकांत, अमरनाथ सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगों के समाधान तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story