TRENDING TAGS :
Chandauli News: विद्यालय फेसुड़ा में मिड डे मिल सामान चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
Chandauli News: चंदौली के फेसुड़ा विद्यालय में तीसरी बार चोरी की घटना सामने आई है। चोर मिड डे मील का सामान ले गए, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुड़ा गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय को चोरों ने एक बार फिर निशाना बना लिया। विद्यालय में चोरों ने ताला तोड़कर मध्यान्ह भोजन बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री समेत पंखा और खेल का सामान चोरी कर लिया। विद्यालय में लगातार तीसरी बार चोरी की घटना सामने आने से शिक्षकों के साथ ही ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करते हुए चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि फेसुड़ा गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में सोमवार की रात चोरों ने मुख्य दरवाजे सहित अन्य स्थानों पर लगे ताले तोड़ दिए। इसके बाद चोर विद्यालय परिसर के अंदर दाखिल हुए और वहां रखी मध्यान्ह भोजन तैयार करने से संबंधित सामग्री को चोरी कर लिया। इसके अलावा विद्यालय में लगे पंखे तथा बच्चों के लिए रखी खेल सामग्री भी चोर अपने साथ ले गए।
मंगलवार को ग्रामीणों की नजर विद्यालय के टूटे हुए ताले और अस्त-व्यस्त सामान पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य को दी। सूचना मिलने के बाद प्रभारी प्रधानाचार्य राकेश कुमार चौबे मौके पर पहुंचे और विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विद्यालय से सामान गायब मिला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
प्रभारी प्रधानाचार्य के अनुसार विद्यालय में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी विद्यालय को चोरों द्वारा दो बार निशाना बनाया जा चुका है। बार-बार चोरी की घटनाओं के बावजूद रोकथाम नहीं होने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी विद्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए रखे सामान और मध्यान्ह भोजन की सामग्री की चोरी से सीधे तौर पर विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
प्रभारी प्रधानाचार्य की ओर से सैयदराजा थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर घटना की जांच कराने और चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों ने विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा कराने की मांग की है।


