TRENDING TAGS :
Chandauli News: धरने के ऐलान का असर, पूर्व विधायक से वार्ता के लिए डीएम ने बनाई पांच सदस्यीय टीम
Chandauli News: पूर्व विधायक के धरने के ऐलान के बाद डीएम ने समस्या समाधान के लिए पांच सदस्यीय टीम बनाई
Chandauli Medical College
Chandauli News: चंदौली जनपद के बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व विधायक ने मेडिकल कॉलेज में मरीजों से कथित तौर पर रुपये मांगने, बाहर की दवाइयां लिखने और इलाज में लापरवाही समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना देने का ऐलान किया था,उसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ।जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने समस्या के निस्तारण के लिए पांच सदस्यीय टीम के साथ बात करने के लिए कलेक्ट्रेट में आमंत्रित किया है।
पूर्व विधायक का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज के हड्डी विभाग में भर्ती एक मरीज के ऑपरेशन के लिए कथित तौर पर रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर मरीज का ऑपरेशन नहीं किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक ने नाराजगी जताते हुए मरीज को अपने निजी खर्च पर बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को कई बार बाहर की दवाइयां लिखी जाती हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।
इस दौरान कई मरीजों और तीमारदारों ने भी पूर्व विधायक से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं। बच्चों के वार्ड में इलाज को लेकर भी शिकायतें सामने आईं। आरोप लगाया गया कि मरीजों के इलाज में लापरवाही बरती जाती है और कुछ मामलों में मरीजों को बीएचयू रेफर करने की धमकी दी जाती है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक ने चिकित्सकों की कथित मनमानी और मरीजों के आर्थिक शोषण पर नाराजगी जताई।
मामले के तूल पकड़ने के बाद डीएनए चंद्र मोहन गर्ग जहां प्रशासन की तरफ से पांच सदस्य टीम बात करने के लिए चयनित किया है वही मनोज सिंह के साथ भी पांच लोग बात करने के दौरान रहेंगे ।इस टीम में जहां जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्र शेखर,मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अमित सिंह और सीएमओ परितोष मिश्र रहेंगे वही मनोज सिंह की तरफ से सपा जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर,विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म यादव, संतोष उपाध्याय ,हरदेव मौर्य और खुद पूर्व विधायक मनोज डब्लू मौजूद रहेंगे। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि धरने की घोषणा के बाद जिलाधिकारी में समस्या के निस्तारण के लिए टीम के साथ बातचीत करने के लिए कलेक्ट्रेट में आमंत्रित किया है।अगर समस्या का निस्तारण हो जाता है तो ठीक है नहीं तो फिर जनता के हित के लिए धरना देने के लिए मेडिकल कॉलेज में पहुंचा जाएगा,उन्होंने यह भी बताया कि जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को नोटिस जारी किया है और प्राचार्य ने डॉक्टर को भी नोटिस देकर इस मामले में तलब किया है।


