TRENDING TAGS :
Chandauli News: गौरांगी गौरी जी की होगी श्रीमद्भागवत कथा,धार्मिक आयोजन से बढ़ी सियासी चर्चा
Chandauli News: चंदौली में गौरांगी गौरी जी की श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं और सियासी हलचल भी बढ़ गई है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जनपद के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों के जरिए जनसंपर्क और राजनीतिक सक्रियता का सिलसिला लगातार चर्चा में है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की ओर से उनके गांव माधोपुर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। कथा का आयोजन 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक होगा। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका गौरांगी गौरी जी के मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया जाएगा।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजकों की ओर से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। सात दिवसीय भागवत कथा के दौरान धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिलेगा। क्षेत्र के लोगों में भी आयोजन को लेकर उत्सुकता बताई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के धानापुर में भाजपा विधायक की ओर से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक राजन जी के माध्यम से रामकथा का आयोजन कराया गया था। उस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी थी और पांच दिनों तक क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा था।
अब पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की ओर से भागवत कथा का आयोजन कराए जाने को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय स्तर पर इसे धार्मिक आयोजन के साथ-साथ जनसंपर्क की दृष्टि से भी देखा जा रहा है। खासकर महिलाओं और परिवारों के बीच धार्मिक आयोजनों की पहुंच को देखते हुए इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। ऐसे में धार्मिक कथाओं और बड़े आयोजनों के माध्यम से मतदाताओं के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कवायद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि आयोजकों की ओर से इसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन के रूप में ही प्रस्तुत किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का आगामी चुनावी समीकरण और मतदाताओं के रुझान पर कितना प्रभाव पड़ता है। फिलहाल सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के लोग इस आयोजन को लेकर चर्चा करते नजर आ रहे हैं और श्रद्धालु सात दिनों तक चलने वाली भागवत कथा के भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लेने की तैयारी में हैं।


