TRENDING TAGS :
Chandauli News: घायल सपा महिला जिलाध्यक्ष से मिले मंत्री हंसराज, कार्रवाई का भरोसा
Chandauli News: चंदौली में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल से मारपीट मामले में मंत्री हंसराज विश्वकर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
घायल सपा महिला जिलाध्यक्ष से मिले मंत्री हंसराज, कार्रवाई का भरोसा (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जनपद की समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस दौरान पीड़िता ने मंत्री से मुलाकात कर घटना से जुड़े आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मुलाकात के दौरान गार्गी पटेल ने मंत्री के समक्ष आरोप लगाया कि घटना में शामिल लोगों को उनके द्वारा भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई गई थी।
इस पर मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी कार्यक्रम में साथ फोटो खिंच जाने या मंच साझा कर लेने से कोई व्यक्ति भाजपा का सदस्य नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति एक कंबल वितरण समारोह में उनके साथ मौजूद था, लेकिन उसे भाजपा की सदस्यता नहीं दिलाई गई है। मंत्री ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी के पास सदस्यता का प्रमाण या रजिस्ट्रेशन नंबर है तो उसे सार्वजनिक किया जाए।
दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
राज्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा महिला दरोगा को न्याय न मिलने और कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों पर मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए अखिलेश यादव बौखलाए हुए हैं और अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर समतामूलक समाज की स्थापना के लिए कार्य कर रही है।
इसके अलावा अखिलेश यादव द्वारा हाल ही में पुल गिरने की घटना को 50 प्रतिशत कमीशनखोरी से जोड़ने के आरोप पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कमीशन लेने की आदत कुछ लोगों को हो सकती है, इसलिए वे ऐसी बातें करते हैं। मंत्री ने कहा कि पुल गिरने की घटना प्राकृतिक कारणों का परिणाम है और इसे राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।


