Chandauli News: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर,एक युवक की मौत, दो गंभीर हालत में रेफर

Chandauli News: दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ashvini Mishra
Published on: 12 July 2026 8:44 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के खड़ान गांव के समीप रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार से आ रही थीं। आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान जमुर्खा गांव निवासी मारकंडेय सिंह (26) पुत्र अमित सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान सहेपुर, थाना बलुआ निवासी अरविंद पुत्र छोटू तथा अरविंद पुत्र स्वर्गीय महेंद्र के रूप में हुई है। दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। धानापुर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मृतक युवक अपनी मोटरसाइकिल पर अकेला सवार था। दुर्घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों का इलाज जारी है। इनमें से एक का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story