TRENDING TAGS :
Chandauli News: अस्पताल के अंदर महिला की गोली मारकर हत्या से मची सनसनी, आरोपी गिरफ्तार
Chandauli News: अलीनगर के निजी अस्पताल में इलाज करा रही महिला की युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई, पुलिस जांच में जुटी है।
अस्पताल के अंदर महिला की गोली मारकर हत्या से मची सनसनी, आरोपी गिरफ्तार (Photo- Social Media)
Chandauli News: चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र से सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां दिनदहाड़े एक निजी अस्पताल के भीतर घुसकर एक युवक ने इलाज करा रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
युवक इलाज कराने के बहाने अस्पताल दाखिल हुआ आरोपी
जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव स्थित जीवक हॉस्पिटल में बिहार राज्य निवासी करीब 55 वर्षीय लक्ष्मीना नामक महिला का इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार को एक युवक इलाज कराने के बहाने अस्पताल के अंदर दाखिल हुआ। किसी को उस पर शक नहीं हुआ और वह सीधे उस वार्ड तक पहुंच गया, जहां महिला भर्ती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक महिला के पास पहुंचते ही अचानक तमंचा निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ी और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। अचानक चली गोलियों की आवाज से अस्पताल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मरीज, तीमारदार और अस्पताल स्टाफ जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
भागने में नाकाम रहा आरोपी
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी ने अस्पताल के डॉक्टर को भी निशाना बनाने की कोशिश की और फायरिंग की, हालांकि डॉक्टर सहित अन्य लोग बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को अस्पताल के आसपास मौजूद लोगों ने घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना की सूचना पर पहुंचे एसपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
इस संबंध में थाना अध्यक्ष ने बताया कि किस कारण महिला की हत्या किया गया है यह अभी अभियुक्त नहीं बता पा रहा है। हालांकि मृतक के परिजन भी अभियुक्त को नहीं जानते पहचानते हैं, अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है नियमा अनुसार कार्रवाई जारी है।


