Chandauli News: अस्पताल मैनेजर के मौत मामले में कॉलेज प्रबंधक के पुत्र से पुलिस कर रही पूछ-ताछ

Chandauli News: पंकज चौबे का शव कॉलेज के कमरे में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने आकाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर जांच की।

Ashvini Mishra
Published on: 13 Nov 2026 4:12 PM IST
Police question college managers son in hospital managers death
X

अस्पताल मैनेजर के मौत मामले में कॉलेज प्रबंधक के पुत्र से पुलिस कर रही पूछ-ताछ (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय स्थित राज मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल के मैनेजर पंकज चौबे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के प्रबंधक के पुत्र आकाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के भाई रविंद्र चौबे ने पुलिस को तहरीर देकर आकाश यादव पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

कॉलेज के कमरे में मिला था अस्पताल मैनेजर का शव

जानकारी के अनुसार, शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी पंकज चौबे मुगलसराय स्थित राज मल्टी स्पेशिएलिटी अस्पताल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह चंदासी इलाके में किराये का कमरा लेकर रहते थे। बीते 11 नवंबर को उनका शव मुगलसराय स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।

चेहरे और आंखों के आसपास मिले थे चोट के निशान

पंकज चौबे के चेहरे और आंखों के आसपास चोट के निशान मिलने के बाद उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए। परिजनों का कहना है कि उनकी मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। मृतक के भाई रविंद्र चौबे ने कॉलेज प्रबंधक के पुत्र आकाश यादव पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने पर परिजनों ने जताया संदेह

परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर घटनास्थल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं कराने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर सीसीटीवी फुटेज सामने आता है तो घटना से जुड़े कई अहम तथ्यों का खुलासा हो सकता है। फुटेज उपलब्ध नहीं होने के कारण परिवार का संदेह और गहरा गया है। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस हिरासत में लेकर आकाश यादव से कर रही पूछताछ

उधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आकाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, वहां की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

इस संबंध में सीओ मुगलसराय अरुण कुमार सिंह ने बताया कि निजी अस्पताल के मैनेजर की मौत के मामले में विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय के कमरे से शव बरामद किया गया था। मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मैनेजर के पुत्र को थाने पर बुलाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ashvini Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ashvini Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, चंदौलीreporter.ashvini@gmail.com

मैं 2006 से पत्रकारिता कर रहा हूं, शुरुआत समाचार ज्योति दैनिक पेपर से की,फिर 2010 से इलेक्ट्रानिक मीडिया के क्षेत्र में A2Z न्यूज चैनल ज्वाइन किया, फिर K news में रहा, इसके बाद कैमूर टाइम्स और चंदौली समाचार से होते हुए वर्तमान में न्यूज ट्रैक के लिए काम कर रहा हूं।

Next Story