Chandauli News: चंदौली में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन: 4 दिनों में 28 ट्रक जब्त, वसूला भारी जुर्माना

Chandauli News: चंदौली में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन का बड़ा अभियान जारी, 28 ट्रक जब्त कर 2.5 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।

Sunil Kumar
Published on: 26 May 2026 6:57 PM IST
Big action on illegal mining in Chandauli
X

चंदौली में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन: 4 दिनों में 28 ट्रक जब्त, वसूला भारी जुर्माना (Photo- Newstrack)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर बनी एक संयुक्त टास्क फोर्स ने पिछले चार दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 28 ट्रकों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है और अब तक करीब 2.5 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला जा चुका है।

आधी रात को छापेमारी, पकड़े गए 13 ट्रक

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) डॉ. सर्वेश गौतम ने बताया कि 25 मई 2026 की रात को टास्क फोर्स ने एक बड़ा अभियान चलाया। इस छापेमारी के दौरान कुल 13 ट्रक पकड़े गए, जिनमें से 3 ट्रक ओवरलोड थे, जबकि 10 ट्रकों को अवैध खनन और सेल टैक्स चोरी के आरोप में सीज कर दिया गया।

लाइसेंस और परमिट होंगे रद्द

प्रशासन अवैध परिवहन करने वालों पर सिर्फ जुर्माना लगाकर नहीं छोड़ने वाला है। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ियों के परमिट को निलंबित (सस्पेंड) करने की सख्त कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।

कई विभागों को मिलाकर बनी 'स्पेशल टास्क फोर्स'

अवैध खनन और टैक्स चोरी पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए इस विशेष टास्क फोर्स में कई विभागों को शामिल किया गया है। इसमें परिवहन विभाग (RTO), खनन विभाग, सेल टैक्स, जिला व तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मिलकर संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं।

सड़क हादसों को रोकना है मुख्य मकसद

इस अभियान का एक बड़ा उद्देश्य जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना भी है। टास्क फोर्स अब गलत साइड ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, गलत पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी पैनी नजर रख रही है।

बिना नंबर वाले ट्रैक्टरों पर विशेष नजर

अक्सर देखा गया है कि खनन के काम में लगे ट्रैक्टरों से गंभीर हादसे होते हैं। इसे देखते हुए बिना नंबर प्लेट वाले और टैक्स चोरी करने वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story