TRENDING TAGS :
Chandauli News: अवैध पार्किंग कराने वाले 20 ढाबा संचालकों व 5 वाहन पर मुकदमा दर्ज होने से मचा हड़कंप
Chandauli News: अवैध पार्किंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 ढाबा संचालकों और 5 वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पार्किंग कराने वाले ढाबा और होटल संचालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं। पूर्व में नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले 20 ढाबा एवं होटल संचालकों तथा 5 वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 12 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। पुलिस के अनुसार, पहले सभी ढाबा संचालकों को नोटिस देकर निर्देशित किया गया था कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग न कराएं। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बावजूद कई ढाबा और होटल संचालकों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन खड़े कराए जाते रहे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के तहत थाना चंदौली क्षेत्र में 6 ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध 3 मुकदमे दर्ज किए गए। थाना सैयदराजा क्षेत्र में 3 ढाबा संचालकों और 5 वाहन चालकों के खिलाफ 3 अभियोग पंजीकृत हुए।
थाना अलीनगर में 8 ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध 5 मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि थाना मुगलसराय क्षेत्र में 3 होटल एवं ढाबा संचालकों के खिलाफ 1 अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चंदौली पुलिस ने आमजन से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वाले, अवैध पार्किंग को बढ़ावा देने वाले तथा यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


